logo

लू और हीट स्ट्रोक का कहर, इस शहर में 24 घंटे के अंदर 14 लोगों के शव मिले  

HEAT_19.jpg

द फॉलोअप नेशनल डेस्क 

लू और हीट स्ट्रोक से दिल्ली से लगे नोएडा में 24 घंटे के अंदर 14 लोगों की जान चली गयी है। नोएडा के अलग-अलग स्थानों से इन 14 मृतकों के शव को पुलिस ने बरामद किया है। माना जा रहा है इन सभी लोगों की मौत लू या हीट स्ट्रोक के कारण हुई है। हालांकि खबर लिखे जाने तक स्वास्थ्य विभाग ने इन मौतों पर कुछ नहीं कहा है। विभाग इन शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण बताने की बात कह रहा है। बता दें कि इन मृतकों के शव पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि इन सभी लोगों की मौत लू और हीट स्ट्रोक की चपेट में आने से हुई है। 

लोगों में दहशत
एक दिन में 14 शवों के मिलने से लोगों में दहशत है। बता दें कि इस समय पूरा उत्तर भारत भीषण गर्मी की चपेट में है। लगभग हर दिन गर्मी के कारण लू और हीट स्ट्रोक के मामलो में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है। मिली खबर के मुताबिक नोएडा में 14 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। इनमें से कुछ मृतकों को पुलिस और कुछ को उनके परिजन मौत होने के बाद अस्पताल लेकर पहुंचे थे। इसके बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। 

इन राज्यों में 3-4 दिन में हो सकती है बारिश 

इधर, झारखंड में भीषण गर्मी ने लोगों को जीना मुहाल कर दिया है। लेकिन अब मौसम विभाग की तरफ से एक अच्छी खबर आई है। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 3-4 दिनों के दौरान महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों और गंगा के मैदानी इलाकों में बिहार और झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो चुकी हैं। अब जल्द ही झारखंड में बारिश हो सकती है। 

Tags - Heat wavedeathbodiesnoida